देवरिया पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 216 पेटी अवैध शराब बरामद, 8 तस्कर व 1 बाल अपचारी गिरफ्तार
देवरिया पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 216 पेटी अवैध शराब बरामद, 8 तस्कर व 1 बाल अपचारी गिरफ्तार
देवरिया।पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो बड़ी कार्रवाई कर अंतर्राज्यीय शराब तस्करी पर अंकुश लगाया है। श्रीरामपुर और बनकटा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से 216 पेटी अवैध देशी शराब, 9 मोटरसाइकिलें और फर्जी नंबर प्लेट बरामद करते हुए कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
श्रीरामपुर: 126 पेटी शराब के साथ 8 तस्कर गिरफ्तार
दिनांक 15.07.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में थाना श्रीरामपुर पुलिस मैदनिया तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 8 मोटरसाइकिलों पर प्लास्टिक बोरों में लदी शराब बरामद की।
पुलिस ने मौके से कुल 126 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की, जिसमें 103 पेटी “बंटी बबली” और 23 पेटी “रोमियो राजा” ब्रांड शामिल हैं। कुल मात्रा 1134 लीटर है। इसके साथ 8 मोटरसाइकिल और 4 फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये और वाहनों की कीमत करीब 4 लाख रुपये है।
गिरफ्तार सभी 8 अभियुक्त बिहार के जनपद सिवान, थाना मैरवा क्षेत्र के निवासी हैं – विक्की राजभर, राहुल कुमार गुप्ता, नीपू कुमार बैठा, प्रियांशु कुमार सिंह, विशाल तिवारी, राहुल कुमार यादव, यश सिंह और नितेश कुमार पाठक।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यूपी-बिहार से चोरी की बाइक या फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शराब तस्करी करते थे। एक बरामद स्प्लेंडर सिवान में मु0अ0सं0-92/2026 धारा 303(2) बीएनएस में चोरी की दर्ज है। पुलिस ने सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बनकटा: चोरी की बाइक से 90 पाउच शराब बरामद, 1 बाल अपचारी गिरफ्तार
इससे एक दिन पहले दिनांक 14.07.2026 को थाना बनकटा पुलिस ने कुटियाभर मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल से बिहार ले जाई जा रही 90 पाउच “बंटी बबली” अवैध देशी शराब बरामद की। प्रत्येक पाउच 200 ML का था। कुल 18 लीटर शराब मिली।
पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या BR 29 AN 1669 को भी कब्जे में लिया जिस पर फर्जी नंबर प्लेट BR 28 X 4784 लगी थी। जांच में पता चला कि यह बाइक सिवान के थाना एमएच नगर में मु0अ0सं0-125/2023 धारा 379 भादवि में चोरी की दर्ज है।
इस मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। उसके विरुद्ध थाना बनकटा में मु0अ0सं0-185/2026 धारा 317(2), 341(2) बीएनएस व 60 आबकारी अधिनियम पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का बयान
- क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि अवैध शराब तस्करी और चोरी के वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। दोनों मामलों में बरामद माल और आरोपियों के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।



