सर्पदंश से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

खखरेरू फतेहपुर। थाना क्षेत्र के कठारिया गांव में बुधवार सुबह पशुओं को चारा-पानी कराने के दौरान एक अधेड़ को विषैले सर्प ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदों ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कठारिया गांव निवासी शिवरोमन (41) पुत्र वासुदेव बुधवार सुबह करीब पांच बजे पशुओं को चारा-पानी देने गए थे। इसी दौरान उन्हें विषैले सर्प ने डस लिया। शिवरोमन ने किसी तरह परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदों लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी फूलमती का रो-रोकर बुरा हाल है। पुत्रियां रंजन, प्रभा, शिवानी और रोहिनी तथा पुत्र आशीष, आनंद और बिरजू सहित अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों के अनुसार शिवरोमन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और उन्हीं पर परिवार की जिम्मेदारी थी।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल गुड़िया देवी मौके पर पहुंचीं और आवश्यक जानकारी जुटाई।

