नेपाल पुलिस के एक्शन से तस्करों में मचा हड़कंप, 3.25 लाख रुपये से अधिक के अवैध सामान जब्त।
तीन स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध कारोबार के खिलाफ नेपाल के नवलपरासी (पश्चिम) जिला पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर करीब तीन लाख 25 हजार 400 नेपाली रुपये मूल्य के अवैध सामान बरामद किए हैं। बरामद सभी सामानों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए महेशपुर कस्टमकार्यालय भेज दिया गया है।
जिला प्रहरी कार्यालय, नवलपरासी ब.सु.प. के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मातहत पुलिस इकाइयों की संयुक्त टीम जिले के विभिन्न स्थानों पर नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान चोरी-छिपे लाए जा रहे और बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किए जा रहे सामानों को कब्जे में लिया गया।
पहली कार्रवाई रामग्राम नगरपालिका-8 स्थित बैकुंठवा पुर क्षेत्र में की गई, जहां से लगभग 43,600 नेपाली रुपये मूल्य के 120 पीस रेनकोट बरामद किए गए। दूसरी रामग्राम नगरपालिका-17, पिपरहवा क्षेत्र में हुई। यहां से करीब 1 लाख 6 हजार 800 नेपाली रुपये मूल्य के लेडीज सूट, थान कपड़ा तथा एक बाइक जब्त की गई। वहीं तीसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई बर्दघाट नगरपालिका- 4 स्थित टीसीएन चौक पर की गई। पुलिस ने एक यात्री बस की जांच के दौरान बिल-विजक संदिग्ध पाए जाने पर लगभग 1 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के कृषि उपकरण (कृषि औजार) के 175 पीस बरामद कर अपने कब्जे में ले लिए। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सभी सामानों को आवश्यक राजस्व एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए महेशपुर भंसार कार्यालय, नवलपरासी भेज दिया गया है। थापा ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में अवैध आयात-निर्यात और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



