प्रोजेक्ट पहचान से बच्चों को मिलेगा समय पर उपचार, जिलाधिकारी ने दिए समन्वित कार्रवाई के निर्देश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नवाचारी अभियान प्रोजेक्ट पहचान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बीडीओ, एमओआईसी, सीडीपीओ, बीईओ तथा सदर एवं निचलौल के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रोजेक्ट पहचान का उद्देश्य जन्मजात दिव्यांगता, विकासात्मक समस्याओं एवं अन्य गंभीर व्याधियों से प्रभावित बच्चों की समय रहते पहचान कर उन्हें उपचार, पुनर्वास, शिक्षा, पोषण और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने सीएचओ, एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी विकास खंडों में विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने तथा स्वास्थ्य, आईसीडीएस, बेसिक शिक्षा, ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उपचार से हजारों बच्चों का भविष्य संवारा जा सकता है। बैठक में सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, बीएसए सुरजीत कुमार सिंह, डीपीओ वाणी वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



