शक्ति मिशन के तहत पिंक समाधान दिवस।

दैनिक स्वाभिमान जागरण फरेंदा, महराजगंज।
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को फरेंदा तहसील सभागार में पिंक समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से संबंधित विवादों और शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गति से निपटाना था।
कार्यक्रम में जिले से आए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। दोनों अधिकारियों ने महिलाओं की समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि इस पिंक समाधान दिवस में कुल 77 मामले आए थे, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर दिया गया। खास बात यह रही कि इसमें से तीन मामले महिलाओं से संबंधित थे, जिनका राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने से संबंधित था। कई बार परिवार में वरासत, जमीन बंटवारे के बाद भी महिलाओं के नाम राजस्व रिकॉर्ड में नहीं चढ़ पाते, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकार से वंचित होना पड़ता है।
ऐसे ही तीन मामलों में महिलाओं ने प्रार्थना पत्र दिया था कि उनके पति की मृत्यु या पारिवारिक बंटवारे के बाद भी उनके नाम खतौनी में नहीं दर्ज हो रहे हैं। CDO और ASP के संयुक्त हस्तक्षेप से राजस्व टीम ने मौके पर ही दस्तावेजों का परीक्षण कर तीनों महिलाओं के नाम खतौनी में दर्ज करा दिए। नाम दर्ज होते ही महिलाओं के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला।



