“बिना कांग्रेस के लोकतंत्र सुरक्षित नहीं” – डॉ. धर्मेन्द्र पांडेय,
गांवों में संगठन मजबूत करने पर जोर

“बिना कांग्रेस के लोकतंत्र सुरक्षित नहीं” – डॉ. धर्मेन्द्र पांडेय, गांवों में संगठन मजबूत करने पर जोर
स्वाभिमान जागरण देवरिया
सलेमपुर (देवरिया)। कांग्रेस ने ग्राम सभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसको लेकर सोमवार को नगर के सलाहाबाद वार्ड में जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र पांडेय ने कहा कि देश में लोकतंत्र की सुरक्षा तभी संभव है जब केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार छात्रों और नौजवानों की मांगों को सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता खाद्य सामग्री के बढ़ते दामों से त्रस्त है।
जिला महासचिव मार्कण्डेय मिश्र ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर ग्राम पंचायत में अध्यक्ष की नियुक्ति कर रही है। इसके लिए जनपद के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मजबूत हुए बिना जनता का हित सुरक्षित नहीं रह सकता।
ब्लॉक अध्यक्ष मनीष रजक ने कहा कि कांग्रेस ही दलितों, पिछड़ों और दबे-कुचले वर्गों के हितों की चिंता करती है। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनसंघर्ष के लिए तैयार है।
जिला महासचिव रजनीश प्रसाद ने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि देश का भला बिना कांग्रेस के नहीं हो सकता। जिला सचिव परमानन्द प्रसाद ने कहा कि देश का चौमुखी विकास केवल कांग्रेस सरकार में ही संभव है।
बैठक में सत्यम पांडेय, सत्यवान पांडेय, डॉ. रमेश कुशवाहा, इस्लाम खान, अवधेश पांडेय, डॉ. याहिया अंजुम, मोहन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



