LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशदेवरियाब्रेकिंग न्यूज़राज्य

मईल: अधिवक्ता के घर लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर व नगदी पर हाथ साफ, FIR दर्ज

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, मईल

(देवरिया)।थाना मईल क्षेत्र के ग्राम कसिली में एक अधिवक्ता के बंद घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, दीवानी न्यायालय देवरिया के अधिवक्ता अखिलेश यादव पुत्र स्वर्गीय रमाशंकर यादव, निवासी ग्राम कसिली, थाना मईल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पूरा परिवार एक पारिवारिक आयोजन में शामिल होने के लिए वाराणसी गया हुआ था। वे स्वयं 21 जुलाई 2026 को वाराणसी चले गए थे और घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था।

23 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे कृषक एक्सप्रेस से परिवार सहित घर लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरे में रखा बक्सा टूटा पड़ा है और सामान बिखरा हुआ है। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और दरवाजा खोलकर कमरे में प्रवेश कर बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी कर ले गए। प्रार्थी के अनुसार चोरी की घटना 21 या 22 जुलाई की रात के बीच हुई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रमेश चंद कुशवाहा को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

थानाध्यक्ष मईल विकास नाथ ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और शीघ्र ही चोरों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!