बीजेपी ने सीपीआई से छीना तिरहुत, शिक्षक MLC सीट पर नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 594 वोटों से संजय सिंह को हराया

बिहार विधान परिषद की तिरहुत शिक्षक एमएलसी सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ एनपी सिंह ने लेफ्ट पार्टी सीपीआई के कैंडिडेट संजय सिंह को लगभग 594 वोटों से हरा दिया। संजय सिंह तिरहुत शिक्षक से लगातार दो बार के एमएलसी थे। मंगलवार को हुई मतगणना में पहले वरीयता के मतों की गिनती में नतीजा नहीं निकलने पर दूसरी वरीयता के वोट गिने गए। उसमें भी नतीजा नहीं निकला तो एलिमिनेशन राउंड से परिणाम घोषित किया गया। भाजपा के एनपी सिंह को 2945 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर निर्दलीय भूषण झा रहे। झा को 2351 वोट मिले।
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती मंगलवार को प्रमंडलीय मुख्यालय मुजफ्फरपुर में हुई। पहली वरीयता के मतों की गिनती में बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने 138 वोटों की बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरी वरीयता के मतों की गिनती हुई तो बीजेपी ने 159 वोटों की लीड ले ली। हालांकि, दूसरे राउंड तक भी कोई प्रत्याशी चुनाव आयोग के तय कोटा (आधे से ज्यादा वोट) का आंकड़ा हासिल नहीं कर पाया।
दूसरे राउंड की गिनती में संजय सिंह दूसरे नंबर पर रहे
दूसरी वरीयता के मतों की गिनती में बीजेपी के एनपी सिंह को सबसे ज्यादा 1872 वोट मिले, दूसरे स्थान पर सीपीआई के संजय सिंह रहे जिन्हें 1713 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार भूषण झा 1650 वोट लाकर तीसरे नंबर पर रहे। त्रिकोणीय मुकाबले में दो राउंड के वोट गिने जाने के बाद भी नतीजा नहीं निकल पाया।



