शादी के नाम पर ठगी का भंडाफोड़: भलुअनी पुलिस ने दो महिलाओं को दबोचा, ₹40 हजार बरामद

स्वाभिमान जागरण, देवरिया
देवरिया। थाना भलुअनी पुलिस ने शादी कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर लोगों से रुपये वसूलने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹40 हजार नकद भी बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भलुअनी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को हरियाणा के सोनीपत निवासी एक व्यक्ति ने थाना भलुअनी में तहरीर देकर बताया कि 24 जुलाई 2026 को तरकुलहा क्षेत्र स्थित एक मैरेज हॉल में दो महिलाओं ने उसकी शादी एक युवती से कराई। शादी के बाद आरोपितों ने फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे ₹1.10 लाख वसूल लिए और फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना भलुअनी में मु0अ0सं0 116/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 191(2), 308(2), 318(4), 115(2), 352 एवं 351(3) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर 26 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने करमटार शेरखां गांव के पास से मामले में नामजद दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से ₹40 हजार नकद बरामद किए गए। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ताओं से पूछताछ जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी शीघ्र विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक मनोज कुमार उपाध्याय
- कांस्टेबल विश्वजीत राजभर
- आरक्षी चालक शिवप्रकाश चौहान
- महिला आरक्षी रानी यादव
- महिला आरक्षी बैदेही मोदनवाल



