25 हजार का इनामी गोवंश तस्करी आरोपी गिरफ्तार, भाटपार रानी पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त

स्वाभिमान जागरण, देवरिया
देवरिया। जनपद में अपराधियों एवं इनामी अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भाटपार रानी पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ₹25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी महुजा रोड स्थित सोहगरा धाम के पास से मुखबिर की सूचना पर की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह एवं क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान लालबचन यादव (54 वर्ष) पुत्र स्व. हरिशंकर यादव, निवासी विशुनपुरा, थाना गुठनी, जनपद सिवान (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गोवंश तस्करी मामले में था वांछित
पुलिस के अनुसार 14/15 जुलाई 2026 की रात थाना लार एवं थाना भाटपार रानी की संयुक्त कार्रवाई में एक पिकअप वाहन से आठ गोवंशीय पशुओं को बिहार ले जाते समय चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में चार अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए थे। इस मामले में थाना भाटपार रानी पर मु0अ0सं0 0105/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी प्रकरण में फरार चल रहे लालबचन यादव पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
संयुक्त टीम ने दबोचा आरोपी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार राय, उपनिरीक्षक आहुत कुमार यादव सहित थाना भाटपार रानी पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। संयुक्त कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



