सभासद से अभद्रता व व्हाट्सएप स्टेटस पर धमकी का आरोप, EO से कार्रवाई की मांग

स्वाभिमान जागरण, देवरिया
देवरिया। नगर पंचायत लार में एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी पर निर्वाचित सभासद के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा सोशल मीडिया पर कथित रूप से धमकी भरा और आपत्तिजनक व्हाट्सएप स्टेटस लगाने का आरोप लगा है। वार्ड संख्या-6 के सभासद प्रमोद कुमार विश्वकर्मा ने इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (EO) को प्रार्थना पत्र देकर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 10 बजे सभासद प्रमोद कुमार विश्वकर्मा किसी कार्य से नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि वहां तैनात आउटसोर्सिंग कर्मचारी राजेश यादव ने बिना किसी कारण उनके साथ गाली-गलौज की। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और सभासद वहां से अपने घर लौट गए।
सभासद का आरोप है कि इसके कुछ समय बाद संबंधित कर्मचारी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर उनके विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की, जिसमें उनकी माता के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कथित रूप से धमकी भी दी गई।
प्रमोद कुमार विश्वकर्मा ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि एक जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल अनुचित है, बल्कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा के भी विपरीत है। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में नगर पंचायत लार के अधिशासी अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। हालांकि, सभासद का प्रार्थना पत्र कार्यालय में प्राप्त होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।


