घर में चोरी का खुलासा, गैस सिलेंडर समेत चोरी का सामान बरामद
पुरन्दरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ₹3,210 नकद भी किया बरामद

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, पुरन्दरपुर, महराजगंज।
महराजगंज। पुरन्दरपुर पुलिस ने घर में चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक गैस सिलेंडर, चार मीना (सफेद धातु) के बर्तन तथा चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त ₹3,210 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना पुरन्दरपुर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। उपनिरीक्षक संजय सिंह, कांस्टेबल श्याम सुंदर यादव, अमन सिंह एवं अखिलेश कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 29 जुलाई को सुबह करीब 6 बजे तिकोनिया नर्सरी के पास से वांछित आरोपी रामसरन पुत्र राम निवास, निवासी तिकोनिया, थाना पुरन्दरपुर, उम्र लगभग 20 वर्ष, को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना पुरन्दरपुर में दर्ज मु0अ0सं0 181/2026 (धारा 305, 331(3), 317(2) बीएनएस) तथा मु0अ0सं0 19/2026 (धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं) के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ एवं बरामदगी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक गैस सिलेंडर, चार मीना (सफेद धातु) के बर्तन तथा चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त ₹3,210 नकद बरामद किए गए।
गौरतलब है कि 22 जुलाई 2026 को संजय कुमार पुत्र सूर्यदेव, निवासी एकमा लक्ष्मीपुर, थाना पुरन्दरपुर के घर में सीढ़ी के रास्ते घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस की जांच में इसी मामले का खुलासा हुआ।
थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।



