बुजुर्गों से संवाद कर पुलिस ने जाना हाल-चाल, सुरक्षा का दिया भरोसा
कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट ने घरों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से किया संवाद

स्वाभिमान जागरण, देवरिया।
देवरिया। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन, गोरखपुर के निर्देश पर जनपद के प्रत्येक थाने पर गठित कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) द्वारा शनिवार को वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों से संवाद किया गया। पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में 01 अगस्त 2026 को सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पहुंचकर बुजुर्गों का हाल-चाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वरिष्ठ नागरिकों के घरों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर उनसे आत्मीय बातचीत की। इस दौरान उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हुए पुलिस से संपर्क के लिए मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान भी किया गया।
पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों को आपात स्थिति, सामाजिक समस्याओं, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पुलिस हेल्पलाइन एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
संवाद के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का पुलिस टीमों द्वारा मौके पर यथासंभव निस्तारण किया गया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद से पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत होता है।
जनपद देवरिया पुलिस ने कहा कि कम्यूनिटी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और विश्वास सुनिश्चित करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।



