सलेमपुर के पिपरा नाजिर निवासी युवक का शव गुठनी में बरामद
स्वाभिमान जागरण देवरिया।
गुठनी में संदिग्ध परिस्थिति में सलेमपुर के युवक की मौत,
तेनुआ बिहारी नहर मार्ग पर आरबिटी स्कूल के पीछे मिला शव, आधार कार्ड से हुई पहचान
गुठनी नगर पंचायत क्षेत्र के तेनुआ बिहारी नहर मार्ग पर आरबिटी स्कूल के पीछे मंगलवार शाम नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाकर गुठनी पीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृत युवक के पास से आधार कार्ड समेत कई कागजात मिले। कागजात के आधार पर उसकी पहचान यूपी के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के पिपरा नाजिर गांव निवासी अश्वनी कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद मैरवा सदर-2 एसडीपीओ भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।



