ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से छठ घाट पर तत्काल कार्य कराने की उठाई मांग।
तीन वर्षों से ग्रामीण खुद कर रहे छठ घाट की व्यवस्था, इस बार जलभराव और कीचड़ से बढ़ी परेशानी, ग्राम प्रधान के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला महराजगंज।
मिश्रौलिया (टोला लछनपुर)। ग्राम पंचायत मिश्रौलिया के टोला लछनपुर में पिछले तीन वर्षों से लगातार छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि इन तीन वर्षों में ग्राम प्रधान द्वारा छठ घाट पर आज तक कोई समुचित विकास कार्य नहीं कराया गया है। हर वर्ष ग्रामीण आपसी सहयोग और अपने निजी खर्च से छठ घाट की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं करते आ रहे हैं।
इस बार छठ घाट की स्थिति और भी खराब हो गई है। तालाब में पानी भर जाने के कारण पूरा छठ घाट जलमग्न हो गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा समय रहते तालाब का पानी निकलवाने की व्यवस्था नहीं कराई गई। अब जब पानी कुछ कम हुआ है, तब भी घाट पर कीचड़ और गीली मिट्टी जमा है। इसके बावजूद गीली मिट्टी पर सूखी मिट्टी नहीं डलवाई जा रही है और न ही साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी कार्य कराए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि छठ पूजा आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं छठ व्रती महिलाएं शामिल होती हैं। ऐसे में घाट की बदहाल स्थिति के कारण व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में ग्राम प्रधान के प्रति काफी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष वे स्वयं चंदा और आपसी सहयोग से छठ घाट की व्यवस्था करते हैं, जबकि ग्राम पंचायत स्तर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी (BDO) एवं ब्लॉक प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए छठ घाट से पानी निकलवाने, गीली मिट्टी पर सूखी मिट्टी डलवाने, साफ-सफाई कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं छठ पूजा से पहले जल्द से जल्द सुनिश्चित कराई जाएं।
इस दौरान अंगद पासवान, आकाश कुमार, संदीप लोधी, रतन पासवान, जोगिंदर शर्मा, हरिकेश शर्मा, अजय लोधी, सोनू लोधी, मोनू पासवान, गुड्डू भारती, सुभाष भारती, राममिलन भारती, विक्रम भारती, पिंटू, सचिन, अमरजीत, कमलेश, अर्जुन, राजेश मौर्य, बलराम लोधी, सुधीर पासवान, महेश मौर्य, दामोदर लोधी, सुभाग लोधी, महेंद्र एवं अभिनाश सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।


