देवरिया के पूर्व सांसद जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन: सैन्य शौर्य से राजनीति तक मिसाल रहा जीवन, पूर्वांचल में शोक की लहर!

🟥 रविशंकर तिवारी / स्वाभिमान जागरण
देवरिया:देवरिया से दो बार भाजपा सांसद रहे, थल सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे पूर्वांचल के राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
30 जून 1935 को जन्मे जनरल त्रिपाठी ने वर्ष 1955 में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया। उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में अदम्य साहस का परिचय दिया, स्वदेशी ‘अर्जुन टैंक’ परियोजना के महानिदेशक रहे और डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें एवीएसएम (AVSM) और पीवीएसएम (PVSM) जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया गया।
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद वे राजनीति में आए और 1996 में देवरिया से भाजपा के पहले सांसद बनने का गौरव प्राप्त किया। इसके बाद 1999 में वे पुनः सांसद चुने गए।
त्रिपाठी परिवार की प्रतिष्ठा कई पीढ़ियों से न सिर्फ देवरिया बल्कि पूरे पूर्वांचल में रही है। उनके पिता सूरत नारायण मणि त्रिपाठी गोरखपुर विश्वविद्यालय के संस्थापकों में शामिल रहे। इसी प्रतिष्ठित विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके सुपुत्र शशांक मणि त्रिपाठी वर्तमान में देवरिया से भाजपा के सांसद हैं।
जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, समर्थकों एवं गणमान्य लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह कष्ट सहने का बल देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।



