रामजानकी मार्ग पर ग्रामीणों का धरना, 27 मांगों का ज्ञापन सौंपा

स्वाभिमान जागरण, बरहज (देवरिया)। तेलिया शुक्ल गांव के सामने रामजानकी मार्ग पर पूर्व विधायक स्वामीनाथ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चार घंटे तक धरना दिया। अधिकारी न पहुंचने पर सड़क जाम भी किया गया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार अनिल तिवारी को राज्यपाल के नाम 27 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग चौड़ीकरण में पुलिया न बनने से जलभराव से फसलें नष्ट हो रही हैं और घरों में पानी घुस रहा है। वहीं सड़क पर मिट्टी डालकर छोड़ने से उड़ती धूल से सांस लेना मुश्किल हो गया है। उन्होंने नियमित पानी के छिड़काव, विद्युत कटौती बंद करने, जन्म प्रमाण पत्रों के निस्तारण और बाढ़ से नष्ट फसलों के सर्वे व मुआवजे की मांग की।
इस दौरान रवि प्रताप सिंह, अच्छेलाल यादव, के.पी. शुक्ला, धर्मदेव कुशवाहा, वीर बहादुर गौड़ , मराछी देवी, मालती देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।



