LIVE TVउत्तर प्रदेशदेवरियाराज्य

देवनगर में आरएसएस का भव्य पथ संचलन, शताब्दी वर्ष में नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान

रविशंकर तिवारी

सलेमपुर(देवरिया)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देवनगर द्वारा बुधवार को विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पूर्ण गणवेश में कदम से कदम मिलाते स्वयंसेवकों के अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के जयघोष से पूरा कस्बा गूंज उठा। जगह-जगह नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर संचलन का स्वागत किया।
संचलन का शुभारंभ बापू इंटर कॉलेज प्रांगण से हुआ। यहाँ से पंक्तिबद्ध स्वयंसेवक कदमताल करते हुए रेलवे स्टेशन, अस्पताल मार्ग और सेंट जेवियर स्कूल होते हुए पुनः बापू विद्यालय पहुंचे, जहाँ यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता गोरक्ष प्रांत के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत जी ने कहा कि संघ अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर रहा है। यह शताब्दी वर्ष केवल पूर्व की उपलब्धियों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि आगामी कालखंड के लिए नए संकल्प और नए लक्ष्य निर्धारित करने का पड़ाव है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों के निरंतर त्याग और तपस्या के बल पर संघ ने यह शताब्दी यात्रा पूरी की है। अब हर बस्ती और हर मंडल में नई शाखाओं का विस्तार कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना प्राथमिकता है, ताकि शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण का कार्य निरंतर आगे बढ़ सके।
सुरजीत जी ने आगे कहा कि आज भारत वैश्विक पटल पर राष्ट्र गौरव का प्रतीक बनकर उभर रहा है। इस गौरव को विश्व भर में सशक्त रूप से स्थापित करने के लिए पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, सद्भाव, स्वदेशी आचरण और स्व का बोध जैसे विषयों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है, जिसमें सभी स्वयंसेवक पूरे मनोयोग से जुटे हैं।
इस अवसर पर जिला कार्यवाह वेद प्रकाश, सह जिला कार्यवाह दानवीर, जिला प्रचारक सचिन, सह जिला प्रचारक दौलत, नगर कार्यवाह सत्य प्रकाश, सह नगर कार्यवाह सुधाकर, कृष्णा समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और नगरवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!