नौबस्ता घाट पर मूर्ति भू-विसर्जन स्थल का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद फतेहपुर अंतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के नौबस्ता घाट स्थित मूर्ति भू-विसर्जन स्थल का जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और विसर्जन की तैयारियों की हकीकत परखी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को प्रतिमाओं के भू-विसर्जन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी खागा, क्षेत्राधिकारी एवं कोतवाल खागा संजय कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक सुल्तानपुर घोष तेज बहादुर चंदेल तथा नौबस्ता चौकी इंचार्ज हिमांशु सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित स्थल पर भू-विसर्जन के रूप में ही कराया जाए। किसी भी स्थिति में गंगाजल में प्रतिमाओं का विसर्जन न किया जाए। इस संबंध में प्रशासन की ओर से सख्त चेतावनी भी दी गई। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने पर जोर दिया गया। मौके पर प्रधान प्रतिनिधि गुरु प्रसाद निषाद एवं संबंधित लेखपाल भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण पूरा करने के बाद जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक दोपहर करीब एक बजे हथगांव मार्ग होते हुए हुसैनगंज के रास्ते फतेहपुर मुख्यालय के लिए रवाना हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों के इस निरीक्षण को विसर्जन व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमों के अनुरूप बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


