थाने से 50 मीटर दूर युवक पर चाकू से हमला, हालत नाजुक
हमलावर मौके पर बाइक छोड़कर फरार, घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती
*खखरेरू /फतेहपुर खखरेरू कस्बे में शुक्रवार शाम थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर बाइक सवार हमलावर ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। ताबड़तोड़ वार से युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। वारदात के बाद हमलावर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, खखरेरू कस्बा निवासी हर्षल सोनकर (22) पुत्र श्यामलाल सोनकर शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे बाइक से अपने भाई के पास जा रहा था। उसका भाई कस्बे में फल की दुकान चलाता है। इसी दौरान एक हमलावर ने उसे रोक लिया और अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में हर्षल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। इसके बाद हमलावर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष सतपाल सिंह ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से हमलावर की बाइक बरामद हुई है। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है।



