भारत एवं नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों ने किया संयुक्त गस्त।
दोनों तरफ के लोगों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज।
28 अक्टूबर को भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा का नया उदाहरण देखने को मिला, जब सशस्त्र सीमा बल की 22 वीं वाहिनी ने ए पी एफ नेपाल के साथ मिलकर संयुक्त गश्त अभियान चलाया, यह गश्त समवाय ठूठीबारी क्षेत्र में की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना तथा दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल को बढ़ाना था।
संयुक्त गश्त के दौरान दोनों देशों के जवानों ने सीमा पर संभावित संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा की। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा सुरक्षा से जुड़े अहम बिंदुओं की समीक्षा करते हुए सीमा स्तंभों के आस-पास के क्षेत्रों का भी गहन निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल की खुली सीमा पर शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना दोनों देशों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह के संयुक्त अभियान न केवल सीमावर्ती नागरिकों में भरोसा बढ़ाते हैं, बल्कि तस्करी और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण में भी मददगार साबित होते हैं।



