सब्जी वालों का हो रहा उत्पीड़न-व्यापार मण्डल। जाम की समस्या से निजात आवश्यक -राकेश जायसवाल।
व्यापार मण्डल व नगर प्रशासन आमने सामने।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज
नगर पंचायत बृजमनगंज में हो रहे छोटे व्यवसाईयों का उत्पीड़न एवं उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित करने अथवा वेडिंग जोन में जाने के नाम पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया जा रहा है। इस पर बृजमनगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन जयसवाल ने जिला अधिकारी को एक पत्र भेज कर शिकायत की है कि यदि उत्पीड़न नहीं बंद हुआ तो बाजार को बंद कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन जयसवाल ने बताया कि बृजमनगंज ब्रिटिश शासन काल से व्यापारिक केंद्र रहा है। नगर पंचायत बनने के बाद यहां के छोटे व्यवसायियों, पटरी व्यवसाई , रेहड़ी वालों का उत्पीड़न एवं उन्हें परेशान किया जा रहा है। जिससे उनका एवं उनके परिजनों के रोजी-रोटी का संकट बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापार मंडल या व्यापारियों की सहमति के बिना कस्बे के बाहर वेडिंग जोन बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग भी किया गया है ।अब व्यवसायियों को जबरन कस्बे के बाहर वेडिंग जोन में जाने के लिए बाध्य किया जा रहा है। नगर पंचायत सरकारी धन को छुपाने के लिए छोटे व्यवसायियों को कस्बे से बाहर भेजने का प्रयास कर रहा है। अगर इसी प्रकार नगर पंचायत का रवैया रहा तो नगर पंचायत का अपना आकर्षण एवं संवृद्धता खो देगा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि इसी तरह लाखों रुपयों को खर्च कर नगर पंचायत द्वारा 3 वर्ष पूर्व बनाए गए टैक्सी स्टैंड पर आज भी वहां एक भी वाहन खड़ा नहीं होता तो स्टैंड बनाने या नगर पंचायत का पैसा बर्बाद करने की क्या आवश्यकता थी। इसी तरह यदि लोग नगर पंचायत के अगल-बगल दुकान लगाने लगे तो लोग यहां क्यों आएंगे जैसे लेदवा चौराहा, घोरनामपुर ,बंगला चौराहा ,मामी चौराहा आदि वैसे ही अगल-बगल के चौराहे बृजमनगंज के भीड़ को कम कर रहे हैं। इस तरह व्यापारियों का पुरुषाहाल कौन होगा कौन जिम्मेदारी लेगा। अतःउन्होंने अंत में कहा कि अगर व्यवसायियों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो हम धरना प्रदर्शनकरने पर मजबूर होंगे इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
इसके जवाब में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि नगर की मुख्य सड़क पर सब्जी व्यवसायियों का कब्जा होने के कारण आए दिन जाम की समस्या लगी रहती है। नगर प्रशासन ने आवागमन सुचारू बनाने के उद्देश्य से वेंडिंग जोन का निर्माण कराया है जिससे व्यापारियों के साथ-साथ आम जन मानस की सुविधा भी हो सके। कुछ लोग जो नगर का विकास नहीं चाहते वह ही इसका विरोध कर रहे हैं।



