तीसरे दिन मिला डूबे हुए युवक का शव, भेजा गया पोस्टमार्टम।

दैनिक स्वाभिमान जागरण फरेंदा महराजगंज।
थाना क्षेत्र के धानी स्थित राप्ती नदी के खड़खड़िया पुल के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे युवक का शव करीब 40 घंटे बाद शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। युवक की पहचान ग्राम सभा नौसागर के टोला सुख चैनपुर निवासी रमेश शर्मा पुत्र रामदवन उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई।
उसका शव घटनास्थल से करीब एक से दो किलोमीटर दूर कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के भरगाई गांव के पास नदी में मिला। उधर, मामले में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार शाम धानी चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह को निलंबित कर दिया। बताते चलें कि बुधवार शाम करीब छह बजे रमेश राप्ती नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
मौके पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, वह नदी में लापता हो गया। ग्रामीणों ने उसे बचाने और तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद भी तलाश अभियान जारी रहा। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खड़खड़िया पुल से एक-दो किलोमीटर दूर भरगाई गांव के पास उसका शव बरामद हुआ।
हादसे के बाद से ही परिजन भी युवक की तलाश में जुटे थे। 40 घंटे तक उसकी सलामती की उम्मीद लगाए बैठे परिवार को शव मिलने की सूचना से गहरा सदमा लगा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है


