पंचतत्व में विलीन हुए अग्निवीर अश्वनी प्रसाद, सैनिक सम्मान के साथ सरयू तट पर हुई अन्तेष्ठी

एन डी देहाती / स्वाभिमान जागरण देवरिया
युवाओं के देशभक्ति के नारे से गूंज उठा सरेह
लार थाना क्षेत्र के खरवनिया निवासी 25 वर्षीय अश्वनी पुत्र बीरबल जो अग्निवीर थे, कोलकाता के सैनिक अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। आज उनका पार्थिव शरीर पैतृक गाँव मल्हपुरवा पहुंचा। बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे युवाओं ने देश भक्ति के नारों के बीच उनकी अंतिम यात्रा निकाली। देशभक्ति के गगनभेदी नारों से सरयू का सरेह गूंज उठा।
दिवंगत अग्निवीर अश्वनी कुमार के गाँव खरवनिया में जिलाधिकारी देवरिया दिव्या मित्तल, उपजिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव, एडीशनल एसपी सुनील कुमार सिंह, सीओ मनोज कुमार, नायब तहसीलदार गोपाल जी आदि ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। डीएम दिव्यामित्तल ने दिवंगत अग्निवीर जवान अश्विनी कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र सेवा में दिवंगत जवान का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और जिला प्रशासन इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि शासन एवं सक्षम प्राधिकारों द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार, परिवार के हित में आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध तरीके से की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
आज कोलकाता से फ़ौजी का शव पहुंचते ही उसकी शव यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए। सरयू घाट पर पिता बीरबल ने उन्हें मुखाअग्नि दी।



