पत्रकार का चरित्र समाज के लिए अनुकरणीय: दिलीप मल्ल

भाटपार रानी: भाटपार रानी में वार्ड नंबर 10 स्थित गुरुकुलम प्लेवे स्कूल में पत्रकार प्रेस एसोसिएशन की बैठक हुई। संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश मंत्री दिलीप मल्ल ने कहा कि पत्रकार का चरित्र समाज के लिए अनुकरणीय होता है। उसे अपने दायित्व के निर्माण में पूरी सतर्कता और निष्ठा रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार प्रेस एसोसिएशन प्रदेश के 64 जनपदों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संगठन से जुड़े लोग पत्रकारों के हितों के लिए प्रयासरत हैं। हमें जनपद में अपने संगठन को और मजबूत करने के लिए सक्रियता निभानी होगी। संगठन का प्रत्येक सदस्य संगठन के नियमों का अक्षरशः पालन करें तो यह संगठन निश्चित ही जनपद में सशक्त होकर उभरेगा। संबोधित करते हुए शैलेश उपाध्याय ने कहा कि जनपद में अनेकों प्रकार के संगठन सक्रिय हैं लेकिन हमारा संगठन स्वच्छ, निर्भीक एवं पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है। डा. मोतीलाल ने कहा कि मुझे पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। पत्रकार के लिए संघर्ष करने वाला संगठन ही ख्याति अर्जित करता है। इसके लिए व्यक्तिगत हितों का त्याग कर नैतिक चरित्र के साथ पत्रकारिता धर्म का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निश्चय ही यह संगठन जनपद में पूरी मजबूती के साथ खड़ा होगा। संस्थान के निदेशक लोकेश दुबे ने कहा कि पत्रकार के कंधों पर समाज के उन्नयन की जिम्मेदारी होती है। मोहित शुक्ला ने कहा कि हमारा संगठन प्रत्येक सदस्य के लिए हर संभव कटिबंध है। हम सभी को अपने दायित्व का निर्वहन पूरे मनोयोग के साथ करना होगा ताकि हम संगठन को जनपद में पूरी मजबूती के साथ खड़ा कर सके। इस दौरान नए सदस्यों को माला पहनकर स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से कामेश वर्मा, करन यादव, मनौव्वर अंसारी, अश्वनी कुमार, वरुण मिश्रा, सतीश वर्मा, रेयाज लारी, प्रमोद गुप्ता, राकेश तिवारी आदि मौजूद रहे।



