उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

 स्वावलंबी गौशाला अभियान को लेकर मुख्यमंत्री से किया मुलाकात।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता आनन्दनगर महराजगंज।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुधवार को चेन्नई से प्रकाशित एनिमल वेलफेयर साइंस की पत्रिका- पशु मित्र के प्रधान संपादक और भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के पूर्व वैज्ञानिक, सहायक सचिव, चीफ एडिटर, डा. आरबी चौधरी ने मुलाकात किया। इस अवसर पर भारत सरकार के जीव जंतु कल्याण प्रतिनिधि एवं पशु मित्र के वैज्ञानिक एवं तकनीकी समाचार संपादक डा. अमरनाथ जायसवाल भी उपस्थित थे। इस वार्ता के दौरान पत्रिका टीम के वैज्ञानिकों तथा विशेषज्ञों की ओर से प्रदेश में संचालित स्वावलंबी गौशाला अभियान पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश की गौशालाओं में लावारिस गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए गोबर और गोमूत्र का वैज्ञानिक विधि से उपयोग कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। योगी आदित्यनाथ ने इस पहल की गंभीरता को समझते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज और गोवंश के लिए अत्यंत जरूरी हैं और इन्हें निरंतर करते रहना चाहिए।

फरेंदा क्षेत्र के पोखरभिंडा निवासी पत्रिका के संपादक डा. आरबी चौधरी ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस विषय पर देश के 17 प्रसिद्ध वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के साथ प्रयागराज में आयोजित संगोष्ठी में गहन मंथन किया जा चुका है। इसी के आधार पर उत्तर प्रदेश में गौशाला स्वावलंबन का अभियान आरंभ किया गया है। वर्तमान में पीलीभीत जनपद में इसकी शुरुआत कर दी गई है, जहां जल्द ही गोबर और गोमूत्र से लिक्विड बायो-फर्टिलाइजर तैयार किया जाएगा। तकरीबन 20 लाख की लागत से तैयार इकाई में यह तकनीक गौशाला को प्रतिमाह कम से कम एक लाख रुपये की आमदनी कराने में सक्षम है। मुख्यमंत्री को संगोष्ठी के निष्कर्षों और सिफारिशों पर आधारित विशेषांक की प्रतियां भी सौंपी गईं और उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा मैं इसे पढ़ूंगा। योगी आदित्यनाथ ने पूरी टीम के कार्यों को सराहनीय बताते हुए इस अभियान को भविष्य की आवश्यकता बताया और इसे पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का प्रोत्साहन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि गोपालक सरकार की योजनाओं गंभीरता से समझे और अपनायें।

DSJ0081

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!