मातृ-पितृ पूजन दिवस: बच्चों ने माता-पिता को किया सम्मानित, अध्यक्ष ने दी फीस की गारंटी।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज, नगर महाराजगंज।
एम एस पब्लिक स्कूल सहजनवा बाबू में मातृ-पितृ पूजन दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि नगर पंचायत बृजमनगंज अध्यक्ष राकेश जायसवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजक गणेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
विद्यालय प्रबंधक बृजभान यादव ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी माता-पिता को भूलते जा रहे हैं और अनैतिक यौन संबंध बनाकर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। कार्यक्रम आयोजक गणेश गुप्ता ने कहा कि माता-पिता को भगवान का रूप माना जाता है और उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है।
छात्रों ने माता-पिता की महिमा और उनकी जीवन में उपयोगिता पर गीत और नाटक के माध्यम से लोगों को अवगत कराया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल, सभासद धर्मेंद्र चौरसिया, जेपी गौड़, मनोज जायसवाल, जितेंद्र कुमार, शीतलाल गुप्ता, अनिल मणि, अशोक गुप्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने अपने माता-पिता का पूजन अर्चना करते हुए उनको आलिंगन कर उनके चरणों में नतमस्तक होकर प्रणाम किया। अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने पूजन करने वाली दोनों बेटियों को तोहफा देते हुए कहा कि जब तक मैं पद में रहूंगा या मेरे घर का कोई व्यक्ति पद पर रहेगा उन दोनों बच्चों के विद्यालय की फीस की व्यवस्था मेरा परिवार करेगा।



