प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने की विकास कार्यों की समीक्षा।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जनपद के प्रभारी मंत्री ने गुरुवार को जनपद के जिलाधिकारी के साथ जनपद के समस्त विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभीसमय से पूर्ण किया जाए।
बृहस्पतिवार को आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण एवं विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण व समयबद्धता के साथ पूर्ण हों तथा पारदर्शिता बनाए रखी जाए। शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए। मंत्री ने चेतरा नर्सरी, वनग्राम-24 और हथियाहवा-बलुअहिया संपर्क मार्ग निर्माण में देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया। वनग्रामों के विकास को मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा। सीएचसी सोहगीबरवा के निर्माण के बाद स्टाफ तैनाती कर संचालन शुरू करने तथा राजकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय बिशुनपुर में देरी पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश भी दिए। समीक्षा उपरांत मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन मल्टी पर्पज हॉल का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। स्वयं सहायता समूहों के लिए दुकानें आवंटित करने पर भी जोर दिया। बैठक में जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



