2027 की जनगणना तैयारियां तेज, दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण में सभी ग्रामीण तथा नगर चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के प्रथम दिन जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों जनगणना की प्रक्रिया, महत्व और गोपनीयता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रमुख जनगणना अधिकारी के रूप में उन्होंने निर्देश दिया कि जनगणना कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा इसे पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की
जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी, जबकि 7 मई से 21 मई 2026 तक आम नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा। मंडल प्रभारी डॉ. गौरव पाण्डेय और जिला प्रभारी अम्बिका मौर्या ने सीएमएमएस पोर्टल व एचएलओ गठन सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



