अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायालय भेजा

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक युवक को कच्ची व देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, लोंहांगपुर मजरे जहांगीर नगर गहुरा गांव में काफी समय से एक युवक द्वारा अवैध कच्ची और देसी शराब की बिक्री किए जाने की सूचना मिल रही थी। त्योहारों के मद्देनजर उपनिरीक्षक ईश्वर चंद अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक व्यक्ति अपने घर के बरामदे से अवैध शराब बेच रहा है।
सूचना पर उपनिरीक्षक ने आबकारी निरीक्षक रमेश कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 10 लीटर कच्ची शराब और 16 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान नीरज कुमार श्रीवास्तव (39) पुत्र मंगल प्रसाद, निवासी ग्राम लोंहांगपुर के रूप में हुई। आरोपी ने पूछताछ में अवैध शराब बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।



