उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

बृजमनगंज कस्बे के बीपीसीएल पेट्रोल पंप पर अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश।

 

 

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला महराजगंज।

ग्राम सभा मटिहनवा खास, बृजमनगंज-धानी रोड स्थित भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL) के एक पेट्रोल पंप पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पंप संचालक द्वारा आम वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया वाहनों को पेट्रोल देने में टालमटोल की जा रही है, जबकि कुछ चुनिंदा लोगों को कैन में बड़ी मात्रा (करीब 50 लीटर तक) में पेट्रोल आसानी से उपलब्ध कराया जा रहा है। अगर फोटो खींचने का किसी ने प्रयास किया तो पंप कर्मी मार पीट पर उतारू हो जाते हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पेट्रोल के लिए लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है, फिर भी समय पर ईंधन नहीं मिल पाता। इसके विपरीत, कुछ व्यक्तियों को प्राथमिकता देकर बड़ी मात्रा में पेट्रोल दिया जा रहा है, जिससे आम लोगों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है

स्थानीय लोगों का कहना है कि कैन में इस तरह बड़ी मात्रा में पेट्रोल देना नियमों के विरुद्ध है और इससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीणों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में सरवन गिरी, बबलू जायसवाल, दिलशाद खान, दिलीप जैकी, राहुल जायसवाल, मोहित जायसवाल समेत कई लोगों ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि पेट्रोल पंप की कार्यप्रणाली की जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!