ब्रेकिंग न्यूज़

जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि पर मित्र के साथ मिलकर धन हड़पने का आरोप।

विधवा महिला ने थानाध्यक्ष से लगाया गुहार, थानाध्यक्ष ने कहा जांच के बाद होगी कार्यवाही।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बाजार महराजगंज।

जनपद महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र की एक  विधवा महिला ने अपने जेठ और उसके दोस्त पर मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली सहायता राशि में धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद मिली 5 लाख रुपये की सहायता राशि को दोनों ने मिलकर हड़प लिया।

बृजमनगंज थाना क्षेत्र के करमहा टोला छोटकी मैनहिया निवासी संजना चौधरी के पति मनीष चौधरी की 2 जुलाई 2022 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। संजना ने मुख्यमंत्री राहत कोष से अहेतुक सहायता के लिए आवेदन किया था।संजना के अनुसार, उस समय उनके जेठ अभिषेक चौधरी और राहुल शर्मा (निवासी कानापार, धानी बाजार) ने सहायता राशि जल्द दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने संजना के एटीएम, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और चेकबुक सहित सभी आवश्यक कागजात ले लिए।

कुछ समय बाद जब संजना ने पैसे के बारे में पूछा, तो उन्होंने टालमटोल किया और अंत में बताया कि फाइल खारिज हो गई है। बाद में, संजना ने अपना पासबुक प्रिंट कराया और बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया, जिससे उन्हें धोखाधड़ी का पता चला।

बैंक स्टेटमेंट के अनुसार, 23 जून 2023 को उनके खाते में 5 लाख रुपये की अहेतुक सहायता राशि आई थी। इसी दिन, राहुल शर्मा के खाते में 9 हजार रुपये और 90 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। अगले दिन, 24 जून 2023 को, राहुल शर्मा के खाते में फिर 99 हजार रुपये स्थानांतरित किए गए।

संजना का आरोप है कि शेष राशि उनके जेठ ने अपनी पत्नी के खाते में और अपने निजी उपयोग के लिए खर्च कर दी। उन्हें इस पैसे में से एक भी रुपया नहीं मिला। जब संजना ने इस बारे में जेठ और राहुल शर्मा से बात की, तो उन्होंने जान से मारने और पीटने की धमकी दी और कहा कि जो करना है कर लो।

पीड़ित महिला ने न्याय के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई है और स्थानीय थाने पर प्रार्थना पत्र दिया है। इस बारे में जानकारी करने पर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली हैं जांच कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!