प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को नकलविहीन कराने की तैयारी पूरी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज आगामी 14 जून (रविवार) को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को नकलविहीन, शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरावल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा में तैनात केंद्र व्यवस्थापकों, सहायक केंद्र व्यवस्थापकों, परीक्षा सहायकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है और छोटी सी लापरवाही भी अक्षम्य होगी। सभी केंद्रों पर प्रकाश, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल तथा विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक
को कक्ष निरीक्षकों का प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में केवल अधिक्त पहचान पत्रधारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। बैठक
में लोक सेवा आयोग, प्रयागराज से आए अनुभाग अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जनपद में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5,168 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अपर पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



