जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट स्ट्रांग रूम तथा वेयरहाउस का राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा गार्डों की तैनाती, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा साफ-सफाई का अवलोकन किया । उन्होंने कक्ष संख्या-02 में रखी बीयू मशीनों के भंडारण की स्थिति देखी और अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिया कि ईवीएम एवं वीवीपैट का रखरखाव भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए तथा स्ट्रांग रूम में केवल नियमानुसार ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती,विद्युत व्यवस्था और रोस्टरवार ड्यूटी को निर्धारित मानकों के अनुसार बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि ईवीएम और वीवीपैट का भंडारण पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



