सूचना मिलने के 4 घंटे के अंदर सकुशल बरामद हुई 6 वर्षीय बालिका, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने ली राहत की सांस
लोगों ने कहा धन्यवाद मईल पुलिस
स्वाभिमान जागरण, मईल देवरिया
सूचना मिलने के 4 घंटे के अंदर सकुशल बरामद हुई 6 वर्षीय बालिका, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने ली राहत की सांस
मईल (देवरिया)।मईल थाना क्षेत्र के तेलिया कला गांव से लापता हुई 6 वर्षीय बालिका चाँदनी को पुलिस ने सूचना मिलने के महज 4 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार चाँदनी पुत्री महंथ, निवासी चिताखाल, थाना गुठनी अपनी बुआ मुन्नी देवी पत्नी रुदल साहनी के घर तेलिया कला गांव आई थी। मंगलवार सुबह वह घर से खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर मईल पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की।
एसपी के निर्देश पर चली टीम
देवरिया के पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के दिशा-निर्देश तथा थानाध्यक्ष विकास नाथ एवं एसएसआई महेंद्र कुमार यादव के कुशल निर्देशन में चार टीमें गठित कर पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन की।
इसी दौरान पुलिस ने देवढ़ी गांव से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
खुद घर से निकली थी बच्ची
पुलिस पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह अपने कपड़े लेकर खुद ही अपनी मम्मी के घर जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में वह भटक गई थी।
फिलहाल पुलिस ने बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।



