महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सलेमपुर में लगा एक दिवसीय सेमिनार, सैकड़ों महिलाओं ने लिए स्वरोजगार के गुर
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सलेमपुर में लगा एक दिवसीय सेमिनार, सैकड़ों महिलाओं ने लिए स्वरोजगार के गुर

देवरिया।महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कस्बे के मीरा लॉन में मंगलवार को एक दिवसीय “महिला स्वावलंबन सेमिनार” का आयोजन किया गया। सेमिनार में क्षेत्र सहित दूर-दराज से सैकड़ों महिलाओं ने भाग लेकर रोजगार के नए अवसरों के बारे में जानकारी ली। सेमिनार का आयोजन सलेमपुर की ब्यूटीशियन पिंकी शर्मा, गायत्री त्रिपाठी और गोरखपुर की नीलम दुबे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था।
ब्यूटीपार्लर और मेहंदी से शुरू करें स्वरोजगार
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने महिलाओं को बताया कि कम पूंजी और सीमित संसाधनों में भी स्वरोजगार शुरू किया जा सकता है। वक्ता आदित्य आर्यन और विकास कुमार ने महिलाओं को ब्यूटीपार्लर, मेहंदी सहित अन्य कौशल आधारित प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के फैशन के दौर में अधिकतर महिलाएं ब्यूटीपार्लर जाती हैं। ऐसे में प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं अपने घर पर ही छोटा ब्यूटीपार्लर खोलकर अच्छी आय अर्जित कर सकती हैं। इसके लिए ज्यादा जगह और पूंजी की जरूरत नहीं होती।
सैकड़ों महिलाओं की रही मौजूदगी
सेमिनार में महिलाओं को प्रशिक्षण के फायदे, सरकारी योजनाओं और बाजार की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान अर्चना बरनवाल, सैफ, राजनंदनी, उषा, रेखा, रीना, शिवानी सहित क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने सेमिनार को अपने लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि इससे उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का हौसला मिला है।


