उत्तर प्रदेशफतेहपुर

35 लाख की पहली किस्त के बाद भी अधूरा पड़ा बनियन तालाब का सौंदर्यीकरण, कागजों में दौड़ रहा विकास

 

खखरेरू/फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू में विकास कार्यों के दावों की पोल वार्ड संख्या-8 अहिल्याबाई होल्कर स्थित ऐतिहासिक बनियन तालाब खोल रहा है। तालाब संरक्षण योजना के तहत वर्ष 2025 में इसके सौंदर्यीकरण के लिए शासन से पहली किस्त के रूप में 35 लाख रुपये जारी किए गए थे, लेकिन मौके पर स्थिति यह है कि तालाब की केवल खुदाई कर कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया। एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सौंदर्यीकरण अधूरा पड़ा है, जबकि सरकारी अभिलेखों में कार्य प्रगति पर दर्शाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बनियन तालाब नगर के सबसे पुराने और महत्वपूर्ण जलस्रोतों में शामिल है। इसके सौंदर्यीकरण के लिए शासन ने लगभग 49 लाख रुपये स्वीकृत किए थे, जिससे तालाब का सुंदरीकरण, घाट निर्माण, पाथवे, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य विकास कार्य होने थे। शुरुआत में तालाब की खुदाई कराई गई, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया।
वर्तमान में तालाब परिसर बदहाल स्थिति में पड़ा है। चारों ओर खुदाई के निशान और अधूरे कार्य दिखाई देते हैं। बरसात के मौसम में यह स्थिति स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण भी बन रही है। नगरवासियों का कहना है कि यदि समय पर कार्य पूरा कराया जाता तो यह तालाब नगर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ जल संरक्षण का भी बेहतर केंद्र बन सकता था। उनका आरोप है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद धरातल पर विकास दिखाई नहीं दे रहा है।

हैरानी की बात यह है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की जानकारी नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों तक स्पष्ट रूप से नहीं है। नगर पंचायत के जूनियर इंजीनियर (जेई) ने तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य के संबंध में जानकारी होने से ही अनभिज्ञता जताई।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!