महराजगंज में मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ।
जागरूकता रैली को डीएम ने दिखाई हरी झंडी, महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर, सभी थाना क्षेत्रों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

दैनिक स्वाभिमान जागरण, महराजगंज।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को महराजगंज में मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। उद्योग चौराहा से निकाली गई जागरूकता रैली को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं ने हिस्सा लेकर नारी सुरक्षा, सम्मान और लैंगिक समानता का संदेश दिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जाएगी जानकारी
मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक किया जाएगा।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने तथा प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध के मामलों में पीड़ितों को बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ महिला सशक्तीकरण के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।



