मिशन शक्ति के तहत बालिकाओं को महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक।
पॉक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी।

दैनिक स्वाभिमान जागरण, महराजगंज।
केशव कुमार मिश्र
महराजगंज। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी में पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्या, महिला आरक्षी अन्तिमा वर्मा, रजनी अग्रहरी, शुभकामना पाण्डेय एवं सरिता ने बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, महिला हेल्पलाइन सेवाओं और मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के बारे में बताया। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बालिकाएं बिना संकोच पुलिस की सहायता लें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।
इस दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। टीम ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में बताया। अंत में जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर बालिकाओं को सुरक्षा उपायों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।



