चकबंदी में भ्रष्टाचार और मनमाने आवंटन का आरोप, किसानों में आक्रोश

उत्तर प्रदेश फतेहपुर

 

खखरेरु फतेहपुर खागा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत सूदनपुर के मजरे तारापर में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर किसानों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने चक आवंटन में कथित भ्रष्टाचार, बिचौलियों के हस्तक्षेप और मनमानी का आरोप लगाते हुए सामूहिक शिकायत की है। किसानों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि चकबंदी लेखपाल और सहायक चकबंदी अधिकारी की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। बिचौलियों के माध्यम से कथित धन वसूली कर कुछ प्रभावशाली लोगों को उनकी मनपसंद उपजाऊ और सड़क किनारे की जमीन आवंटित की जा रही है। वहीं, सुविधा शुल्क न देने वाले किसानों के चक मूल भूमि से दूर मनमाने तरीके से बनाए जाने का आरोप लगाया गया है।

किसानों का कहना है कि चक आवंटन में भूमि की गुणवत्ता, सिंचाई सुविधा, सड़क से दूरी और वास्तविक कब्जे जैसे महत्वपूर्ण मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि भूमि का मूल्यांकन नियमों के अनुसार करने के बजाय कथित तौर पर बिचौलियों के प्रभाव में किया जा रहा है। इससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है और गांव में जमीन को लेकर विवाद व तनाव की स्थिति पैदा होने लगी है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि चकबंदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो गांव में विवाद बढ़ सकते हैं। उन्होंने राजस्व अभिलेखों और मौके की वास्तविक स्थिति का मिलान कर निष्पक्ष चक आवंटन सुनिश्चित कराने की मांग की है। साथ ही, आपत्तियों के निस्तारण तक विवादित चक आवंटन पर रोक लगाने और चकबंदी में बाहरी हस्तक्षेप बंद कराने की मांग उठाई है।

इस संबंध में उप जिलाधिकारी खागा अश्वनी पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर तहसीलदार की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।