यातायात माह के तहत फिटनेस और सुरक्षा मानकों की हुई जांच, चालकों को किया जागरूक।
दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
यातायात माह नवंबर-2026 के तहत शुक्रवार को यातायात पुलिस महराजगंज ने जनपद के नगर और कस्बा क्षेत्रों में संचालित स्कूल-कॉलेज वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहनों की फिटनेस, आवश्यक अभिलेखों और निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने की हिदायत दी।पुलिस ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा प्राथमिकता है। इसके लिए वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा और छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

