मगरमच्छ के हमले से बुजुर्ग घायल, उपचार जारी।
मछली पकड़ने के दौरान व्यक्ति पर मगरमच्छ ने किया हमला।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, अड्डा बाजार, महराजगंज।
सोहगी बरवा वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत निचलौल वन रेंज क्षेत्र के ग्राम गेडहवा से सटे नारायणी नदी शाखा से जुड़े एक नाला में मछली पकड़ने के दौरान रविवार की सुबह एक व्यक्ति पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। घायल की चीख पुकार सुनकर पशु चरवाहों ने बचाया। जिसका उपचार सीएचसी निचलौल में चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह ग्राम गेडहवा निवासी पियरे पुत्र सुखराज (50) मगरमच्छ के हमले का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब वह गांव के बगल नारायणी नदी कीशाखा से निकले एक नाले में मछली पकड़ने के लिए जाल निकाल रहे थे। जाल निकालते समय नाले में मौजूदमगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। पियरे की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद पशु चरवाहे मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। घायल को निजी वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सीएचसी निचलौल के चिकित्साधिकारी डा. एस विजय मिश्रा ने बताया कि घायल का उपचार जारी है और फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं।



