दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, किया हेलमेट वितरित, यातायात जागरूकता रैली भी निकाली गई।

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

छात्र-छात्राओं ने रैली के माध्यम से लोगों को किया जागरूक, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की दी सलाह।

 

दैनिक स्वाभिमान जागरण, महराजगंज।

यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को महराजगंज में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

 

इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, एआरटीओ महराजगंज और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अमरावती देवी पब्लिक स्कूल, बागापार के छात्र-छात्राओं के साथ जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान लोगों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने का संदेश दिया गया।

 

वहीं, कोतवाली क्षेत्र के नगर तिराहे पर हेम फाउंडेशन की ओर से आयोजित हेलमेट वितरण कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर ने दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए। इस दौरान हेलमेट के महत्व को बताते हुए सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली गंभीर चोटों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

 

पुलिस एवं परिवहन विभाग ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।