पंचायत विभाग ने बदली आंगनवाड़ी केंद्रों की तस्वीरें, 3 माह में 49 केंद्रों का कायाकल्प।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज
जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों की दशा सुधारने के लिए पंचायत राज विभाग द्वारा चलाए जा रहा कायाकल्प अभियान ने तीन महीने के भीतर उल्लेखनीय प्रगति की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुरू की गई इस मुहिम में महज तीन महीनों के भीतर 49 आंगनवाड़ी केंद्रों की तस्वीर पूरी तरह बदल दी गई है।
जिले में कुल 120 आंगनवाड़ी केंद्रों के कायाकल्प का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसमें से 50 केंद्रों की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई थी, जबकि 70 केंद्रों का कायाकल्प ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को करना था।
पंचायत विभाग ने प्रत्येक केंद्र के लिए लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। यह कार्य 15वें वित्त आयोग की ग्राम पंचायत निधि से संपन्न किया गया है। RES को 70 केंद्रों के कायाकल्प के लिए 1 करोड़ 31 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया, जिसमें प्रति केंद्र करीब 2 लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है।
केंद्रों के कायाकल्प के तहत भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, शौचालय निर्माण, पेयजल व्यवस्था और बच्चों के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार किया गया है।
हालांकि ग्राम पंचायत मधुबनी का एक आंगनवाड़ी केंद्र अब भी कायाकल्प से वंचित है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक ग्राम प्रधान और सचिव की लापरवाही के चलते यह कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे इसमें देरी तय मानी जा रही है।
जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा स्वयं अभियान की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य है कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक, सुरक्षित और बच्चों के लिए आकर्षक बनाया जाए ताकि पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लक्ष्यों को मजबूती मिल सके।



