फतेहपुर

ग्राम सभा के विकास कार्यों की जांच करने पहुंची मनरेगा लोकपाल के नेतृत्व में टीम

जांच में अधिकांश कार्य सही पाए गए, केवल अमृत सरोवर के रास्ते पर उठे सवाल

खखरेरू/फतेहपुर  धाता विकासखंड की अकिलपुर ऐंराना ग्राम सभा में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता व भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच के लिए मनरेगा लोकपाल राजबहादुर यादव के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गांव पहुंची। यह कार्रवाई ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के आधार पर, जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित टीम द्वारा की गई।

शिकायतकर्ता भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि ग्राम प्रधान द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं में लाखों रुपये के गबन व बंदरबांट की गई है। शिकायत में प्रमुख रूप से अमृत सरोवर निर्माण, चक मार्ग, खड़ंजा निर्माण, तालाब खुदाई तथा अन्य विकास कार्यों में अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था।

जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर शिकायत में दर्ज सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की। इस दौरान शिकायतकर्ता सहित कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खेल मैदान, जो बच्चों व बुजुर्गों के लिए बनाया गया था, वहां छह महीने तक पानी भरा रहता है, मैदान की स्थिति बदहाल है, गेट टूटे पड़े हैं और खेल उपकरण उखड़े हुए हैं, जिससे मैदान उपयोग के योग्य नहीं रह गया है।

जांच के उपरांत मनरेगा लोकपाल राजबहादुर यादव ने बताया कि शिकायत के सात बिंदुओं की जांच की गई, जिनमें अधिकांश कार्य ग्राम प्रधान द्वारा कराए जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि केवल अमृत सरोवर तक पहुंचने का मार्ग न होने की समस्या सामने आई है, जबकि अन्य विकास कार्यों में कोई बड़ी खामी नहीं पाई गई।

जांच के दौरान जेई शिव बहादुर, सचिव प्रशांत कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Dainik Swabhiman Jagran

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!