भागलपुर में मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पत्नी और तीन मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़

LIVE TV अपराध उत्तर प्रदेश देवरिया ब्रेकिंग न्यूज़ राज्य

 

मईल (देवरिया), स्वाभिमान जागरण। मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर में शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शराब भट्ठी के पीछे एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बलिया दक्षिण निवासी जितेन्द्र राजभर पुत्र विजय शंकर राजभर के रूप में हुई है। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी की चीखें और तीन मासूम बच्चों की बेबसी देखकर हर आंख नम हो गई।

 

बताया जा रहा है कि जितेन्द्र मजदूरी करके किसी तरह परिवार का पेट पालते थे। छोटी सी आमदनी में घर चलाना, बच्चों की पढ़ाई और रोज की जरूरतें पूरी करना उनके लिए रोज की चुनौती थी। अब उनके जाने के बाद परिवार के सामने न सिर्फ दुख है, बल्कि रोजी-रोटी और बच्चों के भविष्य की बड़ी चिंता भी खड़ी हो गई है।

 

सूचना पर चौकी प्रभारी भागलपुर अजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया है।

 

मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को समय पर सहारा और सहयोग मिलना कितना जरूरी है। पड़ोसियों और समाज की एक छोटी सी मदद, एक बातचीत, कभी-कभी किसी की जिंदगी बचा सकती है।