मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी ने श्यामदेउरवा थाने में सुनीं फरियादियों की समस्याएं।

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।

 

श्यामदेउरवा में आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी उन्हें सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को श्यामदेउरवा थाने पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मंडलायुक्त गोरखपुर, उपमहानिरीक्षक पुलिस गोरखपुर परिक्षेत्र, जिलाधिकारी महराजगंज शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी शामिल हुए।

इस दौरान अधिकारियों ने थाने पर पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद और राजस्व से जुड़े मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर स्थलीय जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। मंडलायुक्त और अन्य अधिकारियों ने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान करना है। इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर पुलिस एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।