साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को महराजगंज पुलिस ने वापस कराए ₹59,366
दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति की धनराशि वापस कराने में महराजगंज पुलिस को सफलता मिली है। फरेंदा साइबर सेल टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 59,366 रुपये वापस करा दिए। धनराशि मिलने पर पीड़ित ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, फरेंदा थाना क्षेत्र के फरेंदा खुर्द निवासी दीपक कुमार मौर्य पुत्र राजेन्द्र प्रसाद मौर्य के साथ 15 मई 2026 को साइबर फ्रॉड के माध्यम से कुल 64,196 रुपये की ठगी हुई थी।
पीड़ित की शिकायत पर फरेंदा साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक और अन्य आवश्यक माध्यमों से कार्रवाई करते हुए ठगी गई धनराशि में से 59,366 रुपये होल्ड करा दिए थे। टीम के लगातार प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2026 को होल्ड कराई गई पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अतुल कुमार सिंह, का0आ0 ग्रेड स्वतंत्रवीर रावत, कांस्टेबल मनीष कुमार यादव और महिला कांस्टेबल सोनी पाण्डेय शामिल रहे।
महराजगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग जानकारी, एटीएम कार्ड विवरण या यूपीआई पिन साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

