महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की दी गई जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक।

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

 

मिशन शक्ति फेज-6: बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।

मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत शनिवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।

 

सम्मेलन के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं, बालिकाओं, बहुओं और बुजुर्ग महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, छेड़छाड़, महिला उत्पीड़न और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना भय और संकोच के पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम में महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और अनजान लिंक से सतर्क रहने की अपील की गई।

 

महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। महराजगंज पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।