दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
मिठौरा चौक मार्ग पर मोरवन गांव के पश्चिम पुलिया के पास शुक्रवार शाम करीब चार बजे खड़ी डीसीएम में एक टेंपो अनियंत्रित होकर टकरा गया। हादसे में टेंपो चालक सहित उसमें सवार करीब 12 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए।
घायलों की पहचान पिपरा सोनाड़ी निवासी श्रीराम गुप्ता (49) पुत्र गोबरी और भागवत गुप्ता के पुत्र छोटू (करीब 12 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रीराम गुप्ता कबाड़ी का काम करते हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिया के उत्तर तरफ नया घर के पास डीसीएम (यूपी 47 टी 0977) खड़ी थी। इसी दौरान मिठौरा की ओर से आ रहा टेंपो (यूपी 56 टी 8344) अनियंत्रित होकर डीसीएम में जा भिड़ा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। श्रीराम गुप्ता के दाहिने पैर का घुटना टूट गया, जबकि उनके शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। वहीं, छोटू के पैर सहित शरीर में चोट लगी है।
सूचना मिलते ही मिठौरा चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार पटेल कांस्टेबल शैलेंद्र यादव और कन्हैया वर्मा के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर (मिठौरा) भिजवाया।
चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। अभी किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है।

